शुक्रवार, 8 अप्रैल 2016

देशभर में गर्मी का कहर, दो राज्यों में लू से हुई 111 लोगों की मौत

देशभर में गर्मी का कहर, दो राज्यों में लू से हुई 111 लोगों की मौत 



अभी अप्रेल का महीना है और देश के कई इलाकों में गर्मी और सूखे से हाहाकार है। तेलंगाना और आंध्रप्रदेश में गर्मी जानलेवा साबित हो रही है। तेलंगाना में गर्मी 6 अप्रेल तक 66 लोगों की जान जान ले चुकी है। तेलंगाना सरकार के अनुसार सबसे ज्यादा महबूबनगर जिले में 28 लोग मरे हैं। वहीं आंध्रप्रदेश में अब तक 45 लोग अपनी जान गवां चुके हैं। पिछले साल दोनों राज्यों में लू के कारण सैकड़ों लोग मारे गए थे।



टीकमगढ़ में पानी पर पहरा

मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में जामनी नदी से उत्तर प्रदेश के किसानों द्वारा पानी चोरी को रोकने के लिए स्थानीय प्रशासन ने सशस्त्र गार्डों की तैनाती की है। टीकमगढ़ की नगर पालिका के चेयरमैन लक्ष्मी गिरि ने इस बात की पुष्टि की है।



सूखे से मर रहे हैं पशु

महाराष्ट्र के मराठवाड़ा इलाके में यह सूखे का लगातार दूसरा साल है। बीफ बैन के बाद क्षेत्र के आठ जिलों के किसानों की यह स्थिति है कि उनके पास पशुओं के लिए चारा और पानी नहीं है।



लातूर में जेल से कैदी को शिफ्ट

लातूर और बीड की जेल से कैदियों को राज्य के दूसरे इलाकों में शिफ्ट किया जा रहा है। लातूर की जेल से कम से कम 200 कैदियों को नासिक स्थानांतरित किया।

कामाख्या मंदिर में दर्शन कर कांग्रेस -गोगोई सरकार पर बरसे मोदी -

कामाख्या मंदिर में दर्शन कर कांग्रेस -गोगोई सरकार पर बरसे मोदी -


असम में चुनावी रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और गोगोई सरकार पर जमकर निशाना साधा। मोदी ने गोगोई के 15 साल के नेतृत्व पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जो परिवार के लिए जीते हैं वो देश के लिए नहीं जी सकते। उन्हें (गोगोई) अपने बेटे-बेटियों के अलावा देश के बेटे-बेटियों की चिंता नहीं। भाइयों मुझे देश के बेटे-बेटियों का भला करना है। असम के बेटे-बेटियों का भला करना है।
मोदी ने कांग्रेस के आला नेताओं और सीएम गोगोई की तरफ इशारा करते हुए कहा कि पहले चरण में आप लोगों ने भारी वोटिंग की। शांतिपूर्ण मतदान किया। पहले चरण के मतदान के बाद आपने देखा होगा कि मुख्यमंत्री ने मुस्कुराना बंद कर दिया है। जो (केंद्र के नेता) दिल्ली को नहीं बचा सके, वो आपको (सीएम को) क्या बचाएंगे।
मेरे सऊदी अरब के सफल दौरे से देश के कुछ लोग घबरा गए: मोदी
वहीं राहा में चुनावी सभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कहा कि सऊदी अरब के उनके सफल दौरे से भारत में कुछ लोगों समेत विश्व में कई लोग घबरा गए हैं। मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से असम विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का चुनाव प्रचार करते हुये यहां कहा कि मक्का की धरती पर मोदी को सम्मानित किया गया इसलिये मैं विश्व के कुछ लोगों की परेशानियों को समझ सकता हूं, लेकिन मैं यह नहीं समझ पाया कि मेरे कार्यों से देश में कुछ लोग क्यों घबरा गये।
उन्होंने कहा कि मोदी ने सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और अबूधाबी में दोस्ती की, लेकिन हमारे देश के कुछ लोगों को इससे परेशानी है जो इससे घबराये हुए है। मैं उन लोगों को बताना चाहती हूं कि मोदी दुनियाभर में दोस्त बनाने में सक्षम है।प्रधानमंत्री ने हाल ही में पहली बार सऊदी अरब का दो दिवसीय दौरा किया था। वह इस खाड़ी देश की यात्रा करने वाली चौथे भारतीय प्रधानमंत्री हैं। इससे वर्ष 1956 में पंडित जवाहरलाल नेहरु, वर्ष 1982 में इंदिरा गांधी और वर्ष 2010 में मनमोहन सिंह ने सऊदी अरब का दौरा किया था।
कामाख्या मंदिर के दर्शन किए
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवरात्र के पहले दिन कामाख्या मंदिर के दर्शन किए। हर बार की तरह इस बार भी मोदी नौ दिन सिर्फ पानी पीकर व्रत रखेंगे। मंदिर के पुजारी ने बताया कि मोदी ने 15 मिनट तक पूजा की। योनिकुंड की परिक्रमा की और दीपदान किया। इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने मंदिर के बाह हर-हर मोदी और बीजेपी जिंदाबाद के नारे भी लगाए। मोदी इससे पहले 2014 में लोकसभा चुनाव के दौरान भी कामाख्या मंदिर आए थे।
इक्यावन शक्तिपीठों में सर्वोच्च स्थान है कामाख्या पीठ का
असम की राजधानी दिसपुर के पास गुवाहाटी से 8 किलोमीटर दूर कामाख्या मंदिर है। यह मंदिर एक पहाड़ी पर बना है व इसका तांत्रिक महत्व है। प्राचीन काल से सतयुगीन तीर्थ कामाख्या वर्तमान में तंत्र सिद्धि का सर्वोच्च स्थल है। पूर्वोत्तर के मुख्य द्वार कहे जाने वाले असम राज्य की राजधानी दिसपुर से 6 किलोमीटर की दूरी पर स्थित नीलांचल अथवा नीलशैल पर्वतमालाओं पर स्थित मां भगवती कामाख्या का सिद्ध शक्तिपीठ सती के इक्यावन शक्तिपीठों में सर्वोच्च स्थान रखता है। यहीं भगवती की महामुद्रा (योनि-कुण्ड) स्थित है। यह स्थान तांत्रिकों के लिए स्वर्ग के समान है। यहां स्थित श्मशान में भारत के विभिन्न स्थानों से तांत्रिक तंत्र सिद्धि प्राप्त करने आते हैं।

शनि शिंगणापुर मंदिर में महिलाओं को पूजा करने का मिला अधिकार

शनि शिंगणापुर मंदिर में महिलाओं को पूजा करने का मिला अधिकार






महाराष्ट्र के शनि शिंगणापुर मंदिर की सैकड़ो साल पुरानी परंपरा को तोड़ते हुए मंदिर के ट्रस्ट ने महिलाओं को पूजा करने की अनुमति देने का ऐलान कर दिया है। मंदिर ट्रस्ट की ओर से कहा गया है कि अब महिलाएं भी मंदिर के पवित्र स्थान पर पूजा कर सकेंगी। इसके साथ ही इस मंदिर में महिलाओं की पवित्र चूबतरे की पूजा नहीं करने की 400 साल पुरानी परंपरा का अंत हो जाएगा।



सरकार ने 2011 से लगा रखी थी पाबंदी

गौरतलब है कि सरकार ने 9 फरवरी 2011 से ही चबूतरे में पूजन पर पाबंदी लगा रखी थी। पिछले काफी समय से महिलाएं यहां पूजा करने की कोशिश करती रही हैं, जिनका विरोध हुआ है। इसको लेकर मामला अदालत में भी पहुंचा। अदालत में राज्य सरकार ने साफ़ किया था कि मंदिर में महिलाओं के जाने पर किसी भी तरह की रोक नहीं है। कोर्ट ने कहा था कि हिन्दू मंदिरों में महिला और पुरुषों को पूजा का समान अधिकार है।



मंदिर की तरफ से किसी भी विवाद से बचने के लिए परंपरा को छोड़ने का ऐलान कर महिला व पुरुष दोनों को ही चबूतरे से दूर रखने का फैसला किया गया था। इस पर लोगों का कहना था कि गुड़ी पड़वा या नव वर्ष के मौके पर देवता को नहलाने की परंपरा का क्या होगा?



बैरिकेड तोड़कर लोगों ने चबूतरे की पूजा की

इस बात को लेकर पहले ही अंदाजा लगाया जा रहा था कि कुछ लोग इस फैसले का विरोध कर मंदिर में घुसने की कोशिश कर सकते हैं। यह अंदाजा सही साबित हुआ जब शुक्रवार को कुछ भक्त जबर्दस्ती मंदिर परिसर में घुस आए और पवित्र स्थान पर पूजा की। गुड़ी पड़वा के अवसर पर अनुमान के मुताबिक कुछ लोग बैरिकेड तोड़ते हुए पवित्र चबूतरे पर पहुंच गए और पूजा की।




गौरतलब है कि शनिश्वर देवस्थान बचाओ कृति समिति के अध्यक्ष संभाजी दहाहोंडे ने कहा था कि सदियों पुरानी रीति तोड़ने के बजाय मंदिर ट्रस्ट को भगवान शनि के स्नान की इजाजत देनी चाहिए। उन्होंने कहा था कि वह ट्रस्ट के फैसले के खिलाफ मंदिर के चूबतरे पर जाकर शनि को स्नान कराएंगे। शुक्रवार को ट्रस्ट की ओर से सभी को पूजा करने की इजाजत देने का ऐलान कर दिया।









शुक्रवार, 1 अप्रैल 2016

भारत की हार का इस बांग्लादेशी क्रिकेटर ने उड़ाया मजाक, बाद में कहा Sorry

भारत की हार का इस बांग्लादेशी क्रिकेटर ने उड़ाया मजाक, बाद में कहा Sorry


वर्ल्ड टी 20 के सुपर 10 मुकाबले में भारत के हाथों हारने वाले बांग्लादेशी क्रिकेटर मुशफिकुर रहीम ने सेमीफाइनल में टीम इंडिया की हार जाने का मजाक उडाया है। रहीम ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते है टीम इंडिया को मजाक उड़ाया।
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, ये है खुशी, हाहाहा! सेमीफाइनल में टीम इंडिया की हार। इस ट्वीट के साथ ही रहीम ने कप्तान धोनी की मैच के बाद प्रजेन्टेशन सेरेमनी की तस्वीर भी साझा की। हालांकि इसके बाद उन्हें लोगों की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया का सामना करना पड़ा और बाद उन्होंने ट्वीट करते हुए अपने इस हरकत के लिए माफी भी मांग ली।
रहीम ने अपने दूसरे ट्वीट में माफी मांगते हुए लिखा, मैं आप सभी से माफी मांगता हूं, मैं वेस्टइंडीज टीम का बड़ा स्पोर्टर हूं, लेकिन पहले कहे गए कुछ कठोर शब्दों के लिए माफी। आपको बता दें कि टीम इंडिया को गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में वर्ल्ड टी 20 के दूसरे सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

रिटायरमेंट के सवाल पर धोनी ने ले डाला पत्रकार का ही इंटरव्यू

रिटायरमेंट के सवाल पर धोनी ने ले डाला पत्रकार का ही इंटरव्यू

वेस्ट इंडीज के हाथों हार कर टी20 विश्व कप की दौड़ से बाहर हुई टीम इंडिया के कप्तान को एक बार फिर उसी सवाल का सामना करना पड़ा, जिसका जवाब वे बार बार एक ही देते आए हैं। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल के बाद कप्तान महेंद्र सिंह धोनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। तभी एक पत्रकार ने धोनी से रिटायरमेंट का सवाल पूछ डाला, इस बार फिर धोनी अपने कूल अंदाज में नजर आए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऑस्ट्रेलियाई पत्रकार सैमुअल फेरिस ने धोनी से पूछा कि क्या 34 साल की उम्र में वर्ल्ड टी20 सेमीफाइनल में भारत के हारने के बाद आगे भी खेलना जारी रखेंगे। धोनी ने पहले तो पत्रकार से सवाल दोहराने को कहा, फेरिस के सवाल दोहराने के बाद धोनी ने हंसते हुए कहा यहां आइए, कुछ मस्ती करते हैं।
इस पर फेरिस पहले तो हिचकिचाए, लेकिन बाद में वे धोनी के पास जाकर बैठ गए। धोनी ने फेरिस के कंधे पर हाथ रखते हुए कहा मुझे लगा कि कोई भारतीय पत्रकार है, क्योंकि मैं आपसे ये तो नहीं पूछ सकता कि आपको कोई भाई या बेटा है जो विकेटकीपर है और भारत के लिए खेल सकता है।
इसके बाद धोन ने पूछा पत्रकार से ये सवाल किए -
धोनी - क्या मुझे भागता देखकर आपको लगता है कि मैं अनफिट हूं?
फेरिस - नहीं, आप बहुत तेज भागते हैं।
धोनी - क्या आपको लगता है कि मैं 2019 विश्व कप में खेल सकता हूं?
फेरिस - हां आपको खेलना चाहिए।
धोनी - आपने मेरे सवाल का जवाब दे दिया।
गौरतलब है कि फरवरी में जब टीम इंडिया बांग्लादेश में एशिया कप के लिए रवाना हो रही थी, तब भी एक पत्रकार ने धोनी से रिटायरमेंट को लेकर सवाल पूछा था। इस पर धोनी ने कहा था कि अगर मैंने ऐसे सवाल का जवाब 15 दिन या एक महीना पहले दे दिया है तो मेरा जवाब नहीं बदलेगा। ये ठीक वैसा ही है जैसे कोई मुझसे पूछे कि मेरा नाम क्या है और मैं हर बार कहूं एमएस धोनी।

कोलकाताः पुल बनाने वाली कंपनी ने जताया बम विस्फोट का संदेह

कोलकाताः पुल बनाने वाली कंपनी ने जताया बम विस्फोट का संदेह


कोलकाता में फ्लाईओवर हादसे के बाद पुलिस ने आईवीआरसीएल कंपनी के पांच अधिकारियों को हिरासत में लिया है। इस पुल को बनाने का अनुबंध इस कंपनी को मिला हुआ था। पुलिस ने कंपनी के खिलाफ लापरवाही, साजिश और हत्या से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं कंपनी ने कहा कि इस मामले में बम विस्फोट सहित सभी कारणों की जांच की जानी चाहिए। इस हादसे में अब तक 25 लोगों की मौत हो गई है, वहीं 80 से ज्यादा लोग घायल हैं।
अब शव मिलने की उम्मीद नहीं: सेना
सेना के अधिकारियों ने आज कहा कि उन्हें यहां फ्लाईओवर गिरने की जगह पर मलबे में कोई और शव मिलने की उम्मीद नहीं है। सेना निकाय अधिकारियों और एनडीआरएफ की टीमों के साथ राहत अभियान में लगी है। सैन्य अधिकारियों ने कहा कि अब अभियान का लक्ष्य मलबे को हटाना और सड़क को साफ करना है ताकि स्थिति सामान्य की जा सके। अब कोई और शव मिलने की उम्मीद नहीं है। प्रभावित इलाके से मलबे को हटाने के लिए सिविल डिफेंस, पुलिस और एनडीआरएफ के साथ सेना की बचाव टीमों ने पूरी रात अभियान चलाया।
कंपनी के अधिकारी ने हादसे को कहाः एक्ट ऑफ गॉड
कोलकाता में हुए फ्लाईओवर हादसे के बाद निर्माता कंपनी के अधिकारी केपी राव ने हादसे को ऐक्ट ऑफ गॉड (भगवान की लीला) कहकर पल्ल झाड़ लिया है। राव ने कहा कि ऐसा हमारे साथ पिछले 27 सालों में नहीं हुआ। फ्लाईओवर को इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी आईवीआरसीएल बना रही है। कंपनी के अधिकारी कहना है कि फ्लाईओवर का 70 फीसदी काम पूरा कर लिया गया था। हर एक चीज को चेक करके काम किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि हादसे वे लोग खुद स्तब्ध हैं। पुलिस ने हादसे के बाद फ्लाईओवर के निर्माण कार्य में लगी कंपनी पर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
ऑफिस छोड़कर भागे कर्मचारी
फ्लाईओवर के गिरने की खबर मिलते ही कंपनी के हैदराबाद के कर्मचारी दफ्तर छोड़कर भाग गए। सीएम ममता बनर्जी ने घटनास्थल का रुख किया।
7 साल से बन रहा फ्लाईओवर
2.2 किमी लंबे फ्लाईओवर का काम पिछले सात साल चल रहा है। बीच में पैसा नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य करा रही कंपनी ने दो साल तक काम बंद रखा। इसका कुल बजट 164 करोड़ रुपए रखा गया था।
हर तरफ छाया धूल का गुबार
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया,अचानक तेज आवाज सुनी मानो बम विस्फोट हुआ हो। इसके बाद अचानक धूल का गुबार हर तरफ छा गया। मैंने सड़क के दूसरी ओर लोगों को यह चिल्लाते हुए देखा कि ब्रिज गिर रहा है।

उनका आतंकी, मेरा आतंकी नहीं' की धारणा को छोड़ देंः PM मोदी

उनका आतंकी, मेरा आतंकी नहीं' की धारणा को छोड़ देंः PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वैश्विक समुदाय से 'उसका आतंकवादी, मेरा आतंकवादी नहीं है' जैसे भेदकारी विचारों को त्यागने की अपील की है। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान का नाम नहीं लिया, लेकिन इशारों में यह स्पष्ट किया कि भारत में आतंकवादी घटनाओं को अंजाम देने वाले संगठनों के प्रति पाकिस्तान अलग नजरिया रखता है। मोदी ने पाकिस्तान की ओर इशारा करते हुए कहा कि परमाणु हथियारों की तस्करों और आतंकवादियों को सरकार में बैठे लोगों की शह मिली हुई है , जिससे परमाणुु सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता है।
परमाणु सुरक्षा शिखर सम्मेलन में मोदी ने चेताया
मोदी ने वॉशिंगटन में परमाणु सुरक्षा शिखर सम्मेलन में शिरकत कर रहे विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों के लिए व्हाइट हाउस में कल आयोजित भोज के दौरान कहा कि आतंकवादियों की पहुंच दुनिया के कई हिस्सों में है, जबकि इससे निपटने के लिए विभिन्न देशों के बीच जो सहयोग होना चाहिए वह नदारद है। प्रधानमंत्री ने परमाणु हथियारों की तस्करी और आतंकवाद को बढावा देने में सरकार में शामिल लोगों की शह मिलने के खतरे के प्रति भी आगाह किया।
परमाणु सुरक्षा राष्ट्रीय प्राथमिकता बननी चाहिएः मोदी
उन्होंने कहा कि आतंकवादी 21वीं सदी की तकनीक का इस्तेमाल कर रहें हैं जबकि इससे निपटने के हमारे तरीके पुराने हैं। उन्होंने 'मेरा' आतंकवाद और 'उसका' आतंकवाद के बीच के भेद को भी समाप्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि परमाणु सुरक्षा राष्ट्रीय प्राथमिकता बननी चाहिए और सभी देशों को इसे मानना चाहिए। मोदी ने परमाणु सुरक्षा के लिए शिखर सम्मेलन की पहल के लिए अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसा करके ओबामा में वैश्विक सुरक्षा के लिए महान कार्य किया है।
आतंकियों को सरकारी शह, बड़ा खतरा
उन्होंने ब्रसेल्स हमले का जिक्र करते हुए कहा कि इन हमलों ने परमाणु सुरक्षा के प्रति वास्तविक और त्वरित खतरे को पुन रेखांकित किया है। उन्होंने कहा कि हम अब किसी व्यक्ति की गुफा में तलाश नहीं कर रहें है बल्कि हमें शहरों में कम्प्यूटर के सामने बैठे, स्मार्ट फोन लिए आतंकवादी की तलाश है। इसके साथ ही इन नापाक मंसूबों वाले लोगों को सरकारी लोगों की शह मिलना दूसरा बड़ा खतरा है।