सोमवार, 20 जून 2016

महेश गिरि के समर्थन में अनशन पर स्वामी, केजरी के मंत्रियों को बताया चोर

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर धरने पर बैठे भाजपा सांसद महेश गिरि का समर्थन करने भाजपा के प्रमुख नेता और राज्यसभा सांसद सुब्रह्मण्यम स्वामी भी पहुंच गए है। भाजपा सांसद महेश गिरि रविवार रात से ही केजरीवाल के घर के बाहर आमरण अनशन में बैठे हैं। सुब्रह्मण्यम स्वामी ने केजरीवाल पर अपने अंदाज में हमला करते हुए उनके सभी मंत्रियों को चार कह डाला। बढ़ते सियासी घमासान और मौके की नजाकत को देखते हुए अनशन की जगह पर बड़ी संख्या में सीआरपीएफ को तैनात कर दिया गया है।
अनशन करने पहुंचे स्वामी ने कहा, मैं यहां महेश गिरि जी का समर्थन करने पहुंचा हूं। केजरीवाल ने उनके ऊपर जो आरोप लगाए हैं, वह बेबुनियाद हैं। अरविंद केजरीवाल को माफी मांगनी चाहिए। सुब्रह्मण्यम स्वामी ने आप सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि केजरीवाल के मंत्री चोर हैं। ये देशद्रोहियों की सरकार है, महाभ्रष्ट सरकार है। दिल्ली सरकार को तुरंत बर्खास्त कर देना चाहिए। स्वामी ने कहा कि जो राज्य सरकार संविधान का पालन नहीं करती है, उसे तुरंत बर्खास्त करना चाहिए। महेश गिरि के मामले में स्वामी ने केजरीवाल से माफी मांगने की भी मांग की है।

सुब्रह्मण्यम स्वामी ने इसके साथ ही दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, ‘एलजी को बर्खास्त कर देना चाहिए। यह भी रोज अहमद पटेल की सलाह पर काम करते हैं। संविधान के खिलाफ काम कर रहे हैं।’ स्वामी ने आगे कहा कि दिल्ली की सरकार को भी बर्खास्त कर देना चाहिए. उन्होंने कहा कि राज्य की बदहाली के बारे में गृहमंत्री राजनाथ सिंह से बात करेंगे।
बता दें कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर भाजपा सांसद महेश गिरि का धरना पिछले 24 घंटों से जारी है। वह रातभर से अनशन पर बैठे हैं। महेश गिरि ने कहा है कि जब तक केजरीवाल उनसे बहस करने के लिए नहीं आते, वह धरने पर बैठे रहेंगे।
केजरीवाल ने दोहराए आरोप
गिरि की खुली बहस की चुनौती का कोई जवाब देने के बजाय अरविंद केजरीवाल ने उन पर दोबारा आरोप लगाया और जांच की मांग की। दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने गिरि पर हत्या का आरोप लगाया था।
इस बीच महेश गिरि ने दिल्ली के पुलिस कमिश्नर आलोक कुमार वर्मा को चिट्ठी लिखी है, जिसमें उन्होंने उन पर लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही लिखा है कि अगर वह दोषी हैं तो उन्हें गिरफ्तार किया जाए।
आशुतोष बोले- गिरफ्तारी दें गिरि
इस बीच, आम आदमी पार्टी के नेता आशुतोष ने ट्वीट कर महेश गिरि पर हमला बोला। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि हत्या के आरोपी को धरना पर नहीं बैठना चाहिए, बल्कि गिरफ्तारी देकर जांच में मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गिरि 29 दिन तक अनशन करें। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें