बुधवार, 24 अगस्त 2016

बिहार में बाढ़ से 20 लाख लोग प्रभावित

बिहार में बाढ़ से 20 लाख लोग प्रभावित: लालू यादव ने कहा - 'भाग्यशाली हैं कि गंगा मइया आपकी रसोई में आ गईं'


नई दिल्ली/पटना/लखनऊ.बिहार में बाढ़ से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है। पानी में बहने या डूबने से 95 लोगों की मौत हो चुकी है। बिहार के 12 जिलों में बाढ़ से 20 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। औरंगाबाद जिले में पुनपुन नदी में नाव समेत 18 लोग लापता हैं जिनकी तलाश जारी है। बाकी को बचा लिया गया। नाव में 25 लोग सवार थे। पटना जिले में भी डूबने से सात लोगों की मौत हुई है। इस बीच गंगा व सोन नदी का पानी कमजोर हुआ है। उधर, पूर्वी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात, असम के कई इलाकों में बाढ़ के हालात हैं। लालू बोले- भाग्यशाली हैं कि गंगा मइया आपके घर तक पहुंच गईं, प्रार्थना करिए लौट जाएंगी...
-आरजेडी चीफ लालू प्रसाद ने अपने अंदाज में बाढ़ पीड़ितों को गंगा के रौद्र रूप या खौफ से मुक्त करने की कोशिश की।
- उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से कहा-आपलोग तो भाग्यशाली हैं कि गंगा मई या आपके घर और रसोई तक पहुंच गई हैं।
- गंगाजल को तड़पते थे। और जब गंगा मइया घर तक पहुंच गईं, तो डर गए हैं; घबरा गए हैं।
- खैर, अब गंगा मइया को पूजिए और उनसे और तकलीफ नहीं देने की प्रार्थना कीजिए। गारंटी है कि वह वापस चली जाएंगी।
- लालू, बाढ़ पीड़ितों के बीच थे। उनका दुख, दर्द पूछ रहे थे। राहत, बचाव कार्य का हाल जान रहे थे।
नीतीश ने मोदी से की मुलाकात, मदद का भरोसा
- नीतीश कुमार ने बिहार में बाढ़ के हालात पर नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। उन्होंने पीएम से विशेषज्ञों की एक टीम बिहार भेजने की अपील की।
- नीतीश ने मोदी से यह भी कहा कि- "बिहार में गंगा की हालत देखकर रोने का मन करता है। इस नदी में सिल्टेशन की प्रॉब्लम को खत्म करने से ही हर साल आने वाली बाढ़ से निजात पाई जा सकती है।"
- मोदी के साथ मीटिंग के बाद नीतीश कुमार ने कहा- "पीएम ने तत्काल मदद का भरोसा दिलाया है। उन्होंने एक नेशनल सिल्ट मैनेजमेंट पॉलिसी बनाने की भी बात कही है।" 
- नीतीश ने मोदी सरकार के महत्वाकांक्षी नमामि गंगे प्रोजेक्ट पर बिहार में बेहतर सिल्ट मैनेजमेंट के साथ अमल की भी बात कही है।
- सीएम ने कहा- "अगर हालात पर ध्यान नहीं दिया गया तो इस प्रोग्राम की सफलता पर सवाल खड़े होंगे।"
- नीतीश ने फरक्का बांध की यूटिलिटी की भी बात की। कहा- "यह देखा जाना चाहिए कि इस बांध से फायदा अधिक हो रहा है या नुकसान।"
छिछली होती जा रही है गंगा
- नीतीश ने कहा- "जब से फरक्का बांध बना है, गंगा में सिल्टेशन हो रहा है।" 
- "गाद बैठने के चलते नदी छिछली होती जा रही है, जिसके चलते नदी फैल रही है।" 
- "गर्मी के दिनों में गंगा में बहुत कम पानी रहता है और बरसात में अधिक पानी आने पर बाढ़ आ जाती है।"
कैसे आई बिहार में बाढ़ ?
- सोमवार को सोन नदी में महज 2 घंटे में मध्य प्रदेश के बाणसागर डैम से डेढ़ लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी पहुंच गया। 
- इसके चलते गंगा समेत सभी बड़ी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
- वेस्ट बंगाल में फरक्का बैराज का गेट न खोले जाने के कारण गंगा का पानी लगातार बिहार में बढ़ रहा है। एनडीआरएफ ने 5 हजार लोगों को निकाला है।
बिहार: 20 जिलों में बाढ़ का कहर, 12 जिलों के लिए 12 घंटे अहम
- बाढ़ से प्रभावित पटना समेत 12 जिलों के लिए अगले 12 घंटे अहम हैं, क्योंकि सोन में पानी बढ़ने से गंगा का जलस्तर बढ़ना तय है।
- सबसे बड़ा रेस्क्यू आॅपरेशन दीदारगंज में हुआ, जहां 3400 लोगों को सुरक्षित निकाला गया।
- एनडीआरएफ के दिल्ली मुख्यालय में बाढ़ पर नजर रखने के लिए एक कंट्रोल रूम 24 घंटे काम कर रहा है। जरूरत पड़ने पर और टीमें भेजी जा सकती हैं।
टापू बना भागलपुर, खगड़िया में टूटा बांध
- सोमवार को खगड़िया में जमींदारी बांध पानी का दबाव नहीं झेल पाया और टूट गया। वहीं, गंगा में ऊफान से भागलपुर टापू जैसा बन गया है।
- रोहतास के इंद्रपुरी बैराज से रविवार को छोड़े गए 5 लाख क्यूसेक पानी के सोमवार की रात तक रोहतास की सीमा में आने से हालात बिगड़ने के आसार हैं।
2 लाख 74 हजार से ज्यादा लोग बाढ़ से बेघर हुए
- गंगा नदी में आए उफान से 2 लाख 74 हजार लोग बेघर हो गए हैं। 23 पंचायतें तो पूरी तरह से बाढ़ की चपेट में हैं, वहीं 9 पंचायतों पर भी इसका असर दिखाई देने लगा है।
- पटना के 79 गांवों में बाढ़ का पानी फैल गया है। इस कारण 5478 हेक्टेयर जमीन पानी में समा गई है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें